अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर | छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 28 जुलाई को रायपुर दौरे पर आने वाले हैं। माना जा रहा है कि वे NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस की ओर से अभी तक उनके दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर प्रवास के दौरान सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा ले सकते हैं। प्रदेश संगठन में संभावित बदलाव और आगामी राजनीतिक रणनीति को देखते हुए इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जून में भी आए थे रायपुर
इससे पहले 25 जून को सचिन पायलट रायपुर आए थे। उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया था और मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर निशाना साधा था।
रायपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा था कि भाजपा को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की चिंता करने के बजाय अपनी सरकार और संगठन के भीतर चल रही खींचतान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस राहुल गांधी की सोच के अनुरूप बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है।
प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को राजनीतिक, सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है, साथ ही भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।