अपनी पसंद की खबर खोजें
कटघोरा/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा से लगे सलोरा-छुरी गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई का काम कर रहे तीन ग्रामीण बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।