अपनी पसंद की खबर खोजें
रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा में सरकारी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक और एक युवती के बीच विवाद का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। कुछ दिन पहले प्रोफेसर को थप्पड़ मारते हुए युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। युवती ने प्रोफेसर पर अश्लील मैसेज भेजने और सेक्स की डिमांड करने का आरोप लगाया था।
प्रोफेसर ने लगाए गंभीर आरोप
अब सहायक प्राध्यापक रेमन भार्गव ने युवती काजल मिंज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि युवती उनसे बार-बार उधार में पैसे मांग रही थी। मना करने पर उसने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और कॉलर पकड़कर तीन-चार थप्पड़ मार दिए। बीच-बचाव उनकी पत्नी ने किया।
'झूठे केस में फंसाने' की धमकी का दावा
प्रोफेसर का कहना है कि युवती उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दे रही थी। इसी डर से वे कुछ समय के लिए लैलूंगा छोड़कर रायगढ़ चले गए। बाद में पत्नी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
युवती के खिलाफ दर्ज हुआ केस
प्रोफेसर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
पहले प्रोफेसर पर भी हुआ था केस
इससे पहले वायरल वीडियो सामने आने के बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ BNS की धारा 78 और 79 के तहत मामला दर्ज किया था। युवती ने अश्लील मैसेज भेजने और सेक्स की डिमांड करने का आरोप लगाया था।
पुलिस कर रही दोनों पक्षों की जांच
लैलूंगा थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।