अपनी पसंद की खबर खोजें
जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में मोबाइल चार्जर और माइक वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 13 जुलाई की है। महारानी वार्ड निवासी एक युवक अपने मोबाइल चार्जर और माइक को वापस लेने के लिए आरोपी देव कुड़ियम उर्फ कोदू के पास गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पास रखे धारदार चाकू से युवक के पेट के बाएं हिस्से पर हमला कर दिया।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत का इलाज जारी है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी देव कुड़ियम उर्फ कोदू आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से गृह अतिचार, घर में आग लगाने और चोरी जैसे कई मामले दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।