अपनी पसंद की खबर खोजें
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में 48 वर्षीय महिला का अर्द्धनग्न शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद से महिला का पति लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
स्कूल से लौटी बेटी, मां नहीं मिली घर पर
मृतका की पहचान राजकुमारी चौहान (48) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल गई थी। जब वह दोपहर में घर लौटी तो उसकी मां घर में नहीं थी। काफी देर तक तलाश करने के बाद घर के बाहर मस्जिदपारा स्थित झाड़ियों में महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एक रात पहले हुआ था पति-पत्नी में विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
पति लापता, पुलिस की तलाश जारी
घटना के बाद से महिला का पति मोहब्बत चौहान घर से गायब है। इस वजह से पुलिस उसे भी जांच के दायरे में रखकर तलाश कर रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।