अपनी पसंद की खबर खोजें
रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव का है।
पुलिस के मुताबिक, घरघोड़ा के औरामुड़ा गांव निवासी मंगलूराम राठिया (65) अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ धान की खेती के लिए क्रोंधा गांव आए हुए थे। मंगलवार रात दोनों अपने घर में मौजूद थे। बुधवार सुबह ग्रामीणों को घर के अंदर दोनों के अधजले शव मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
खून के निशान से बढ़ा हत्या का शक
मृतका पुनई बाई के शव के पास खून बिखरा मिला है, जिससे ग्रामीणों और पुलिस को हत्या की आशंका है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड जुटा जांच में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
रायगढ़ में बढ़ते हत्या के मामले
गृह विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2026 के बीच रायगढ़ जिले में 114 हत्या के मामले दर्ज हुए हैं। इस अवधि में रायपुर में सबसे अधिक 169 हत्याएं दर्ज की गईं, जबकि जशपुर में भी 114, दुर्ग और सरगुजा में 113-113 तथा बिलासपुर में 109 हत्या के मामले सामने आए।